चंडीगढ़ / तीन दिन तक बादल छाएंगे, बारिश आने और पहाड़ों में बर्फबारी से बढ़ जाएगी ठंड

चंडीगढ़. नवंबर माह के बीच में मौसम ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। दिन और रात का तापमान कम हाेने लगा है। मौसम विभाग की मानें तो अगले 24 से 72 घंटे के बीच बादल छाने के साथ दिन के तापमान में और गिरावट आ सकती है। साथ ही रातें भी ठंडी हो सकती हैं।


इसकी वजह यह है कि पहाड़ों पर तय समय से करीब 15 दिन पहले भारी बर्फबारी हुई है। चंडीगढ़ की खुली जगहों पर कोहरा छाने लगा है। सुबह-शाम के समय हल्का कोहरा होने लगा है।


मौसम विभाग ने दावा किया कि अगले तीन दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे। हालांकि बीच-बीच में हल्की धूप भी निकलेगी। मौसम विभाग के अनुसार वीरवार को बादल छा सकते हैं। सुबह-शाम के समय कोहरा छा सकता है। दिन का अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री रह सकता है।


शुक्रवार और शनिवार को  बादल छाने की संभावना है। सुबह-शाम के समय कोहरा छा सकता है।